Uncategorized

जशपुर में रिश्तों का कत्ल: शराब के नशे में बेटे ने मां को बेरहमी से पीटा, गई जान

जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ाटोली में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में अपनी ही मां की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना 7 नवंबर 2026 की देर रात की है, जब आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22 वर्ष) शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगने लगा। खाना देने में हुई देरी और मां के जवाब से गुस्साए बेटे ने अधजले लकड़ी के डंडे से अपनी मां वेनेदिक्ता कुजूर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

समाचार फोटो

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका के पति सुरेंद्र मिंज (50 वर्ष) ने 8 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। सुरेंद्र मिंज ने बताया कि 7 नवंबर की शाम वह डोडकाचौरा में एक नवनिर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे, उस समय घर में उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और अन्य बच्चे मौजूद थे। अगले दिन सुबह लगभग 7 बजे उन्हें एक परिचित से सूचना मिली कि उनके बड़े बेटे रोशन मिंज ने उनकी पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया है और उन्हें जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल पहुंचने पर सुरेंद्र मिंज ने अपनी पत्नी से बात की, जिन्होंने बताया कि रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच रोशन शराब के नशे में घर आया और खाना मांगा। जब मां ने उसे दिन का खाना रखा होने की बात कहते हुए खुद निकालकर खाने को कहा, तो रोशन गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। उसने घर के चूल्हे के पास पड़े अधजले लकड़ी के डंडे से अपनी मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई बार वार किए। इस दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी बहन को भी आरोपी ने डंडे से 2-4 वार कर मारा। इसके बाद आरोपी ने अपने छोटे भाई को भी खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाया और मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया।

घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल वेनेदिक्ता कुजूर को जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया। इसी बीच, सुरेंद्र मिंज अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए थे। जब वे वापस अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें दुखद सूचना मिली कि उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में मर्ग क्रमांक 142/2026 धारा 194 बीएनएसएस एवं अपराध क्रमांक 369/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बी.कॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और मनोरा स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। घटना के दिन वह अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर आया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अधजला लकड़ी का डंडा घटनास्थल से विधिवत जब्त किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए और मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया। सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के बाद, पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!