टेलीग्राम पर निवेश का झांसा देकर भिलाई में 2.37 लाख की साइबर ठगी

भिलाई में टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन निवेश में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 2 लाख 37 हजार 140 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नंदिनी नगर थाने में अज्ञात आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार तुलेश्वर ने 21 अक्टूबर को 88 हजार 640 रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर किए। शुरुआत में उन्हें निवेश पर कुछ लाभ दिखाया गया, जिससे उन्हें भरोसा हुआ कि निवेश फायदेमंद साबित हो रहा है।
जब उन्होंने रकम वापस निकालने का प्रयास किया, तो आरोपितों ने उनकी आईडी लाक होने की बात कही। आईडी अनलाक करने के लिए आरोपितों ने उनसे 1.50 लाख रुपये जमा करने को कहा।
इसके बाद डर के कारण तुलेश्वर ने 26 अक्टूबर को दो बार में 74 हजार 250 रुपये बताए गए खाते में भेज दिए। इनमें एक बार रकम उनके अपने खाते से और दूसरी बार पत्नी के खाते से भेजी गई।
रकम मिलने के बाद आरोपितों ने उनसे संपर्क बंद कर दिया और उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से भी हटा दिया। इस तरह पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
पीड़ित के अनुसार उनसे कुल 2 लाख 37 हजार 140 रुपये की ठगी हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



