आज रायपुर आएंगी राष्ट्रपति मुर्मु:200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करेंगी, माता हासी देवी की 200वीं जयंती पर लोकभवन में होगा अनावरण — महत्वपूर्ण अपडेट

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुुरुवार को रायपुर आएंगी। वे शदाणी दरबार की पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपए का स्मारक सिक्का लोकभवन में जारी करेंगी। रायपुर पहुंचने के बाद 12.15 बजे राष्ट्रपति लोकभवन जाएंगी। इसके बाद इंडोर स्टेडियम में भाजपा के सेवा महाकुंभ के तहत रक्तदान महाकुंभ में शामिल होंगी। इसमें करीब 1100 लोगों के रक्तदान करने का लक्ष्य है। राष्ट्रपति यहां संबोधन भी देंगी। फिर वे जगन्नाथ मंदिर जाएंगी। शाम को मुख्यमंत्री निवास में उनके सम्मान में रात्रिभोज होगा। इसमें मंत्रियों और सांसदों के शामिल होने की संभावना है। कल बस्तर दशहरे के मुरिया दरबार में होंगी शामिल राष्ट्रपति शुक्रवार को एकदिवसीय प्रवास पर जगदलपुर जाएंगी। वहां वे बस्तर दशहरे की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होंगी। राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगी। कैसा होगा 200 का स्मारक सिक्का शदाणी दरबार की पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी होने वाला स्मारक सिक्का 35 ग्राम वजनी और 44 मिलीमीटर व्यास का गोलाकार होगा। इसमें 50% चांदी, 40% तांबा, 5% निकल और 5% जस्ता होगा। सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और उसके नीचे ‘सत्यमेव जयते’ अंकित होगा। दूसरी तरफ माता साहिब हासी देवी का चित्र होगा। इस पर उनका नाम देवनागरी और अंग्रेजी दोनों लिपियों में लिखा रहेगा।



