Uncategorized

जशपुर बैंक ऋण मेले में 64 हितग्राहियों को 66.76 लाख का मुद्रा ऋण स्वीकृत

जशपुर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत 8 अक्टूबर को जनपद पंचायत जशपुर स्थित वशिष्ट कम्युनिटी हॉल में बैंक ऋण मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 64 हितग्राहियों को 66.76 लाख रुपये के मुद्रा ऋण तथा 98 स्व-सहायता समूहों को 2 करोड़ 75 लाख रुपये की बैंक लिंकेज की स्वीकृति प्रदान की गई।

समाचार फोटो

यह आयोजन कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप स्व-सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

बैंक ऋण मेले में विभिन्न बैंकों द्वारा स्व-सहायता समूहों एवं हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अवसर पर विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं विकासखंड स्तर के बीपीएम भी मौजूद थे।

समाचार फोटो

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, पार्षद राजीव गुप्ता, बीडीसी श्रीमती सावित्री सिंह, जशपुर जनपद पंचायत सीईओ लोखित भगत सहित जिला पंचायत जशपुर की एनआरएलएम (बिहान) टीम के अमीन खान एवं विंसेंट तिर्की उपस्थित रहे।

बैंक ऋण के माध्यम से स्व-सहायता समूह की महिलाएं मुर्गी पालन, बकरी पालन, सिलाई दुकान, ब्यूटी पार्लर, बेकरी, किराना दुकान एवं रेस्टोरेंट जैसे विभिन्न आजीविका मूलक कार्यों से जुड़कर अपनी आय बढ़ा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाएं सालाना एक लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रही हैं और लखपति दीदी बनने का लक्ष्य हासिल कर रही हैं।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से महिलाओं को बैंक ऋण एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!