कोरबा में साइबर चौपाल: मंत्री देवांगन ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ, एसपी ने बताए ओटीपी फ्रॉड से बचने के उपाय


छत्तीसगढ़ में साइबर जागृति अभियान के तहत बुधवार, 1 अक्टूबर को कोरबा नगर निगम सभागृह में “साइबर चौपाल” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आम लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने ओटीपी फ्रॉड, अनजान लिंक और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने लोगों से ओटीपी और बैंक की गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की अपील की।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने उपस्थित जनसमुदाय को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई।
15 अगस्त से चल रहे इस अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज और ग्राम पंचायतों में जागरूकता फैलाई जा रही है।
पुलिस ने साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी है।




