
जशपुर, 4 जुलाई।
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सुलेसा में एक दिवंगत पंच के परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है। मृतक पंच टंकेश्वर राजवाड़े की पत्नी संगीता राजवाड़े ने सरपंच पर निर्माण कार्यों के लिए रखी गई सामग्री गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस एवं प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, टंकेश्वर राजवाड़े ग्राम पंचायत सुलेसा के वार्ड क्रमांक 2 के पंच थे और प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न शासकीय विकास कार्यों को गांव तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे थे। निर्माण कार्यों के लिए खरीदी गई सीमेंट, सरिया, सेंटरिंग सामग्री, पुट्टी, तार एवं अन्य सामान को पंचायत सचिव से चर्चा के बाद पंचायत भवन के समीप स्थित साक्षर भारत भवन में सुरक्षित रखा गया था।
आवेदन में कहा गया है कि निर्माण सामग्री रखने के कुछ समय बाद टंकेश्वर राजवाड़े की तबीयत बिगड़ गई। उपचार के दौरान 8 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया। इसके बाद जब उनकी पत्नी संगीता राजवाड़े भवन में रखी सामग्री देखने पहुंचीं तो उन्होंने पाया कि पहले लगा ताला टूटा हुआ था और उसकी जगह दूसरा ताला लगा हुआ था। उनका आरोप है कि भवन में रखी लगभग 200 बोरी सीमेंट, 10 बोरी पुट्टी, सेंटरिंग सामग्री, सरिया, तार सहित अन्य सामग्री गायब थी। उन्होंने सरपंच कमलेश्वर पैंकरा पर ताला तोड़कर सामग्री हटाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत लेकर वे दो दिनों तक पुलिस चौकी के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। परिवार का दावा है कि वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उनकी शिकायत दर्ज की गई।
मामले में जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं जनपद पंचायत बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद सिंह ने कहा कि मृतक पंच की पत्नी से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंच परिवार के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इस बीच क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। कुछ स्थानीय लोगों द्वारा राजनीतिक हस्तक्षेप की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।




