बिलासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग ने छोटे भाई के साथ कमरे में बंद कर दिया, बॉयफ्रेंड के खाते में पैसे डालने के लिए परिजनों पर दबाव


छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। इस दौरान उसने अपने करीब 12 साल के छोटे भाई को भी अंदर कमरे में कैद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की अपने बॉयफ्रेंड के बैंक अकाउंट में पैसे जमा करने के लिए परिजनों पर दबाव बना रही थी। परिवार के इनकार करने पर उसने अपने छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी।
इस घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। खबर मिलते ही सिविल लाइन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पहले नाबालिग लड़की को समझाने का प्रयास किया और दरवाजा खोलने के लिए कहा।
लेकिन, लड़की दरवाजा खोलने के लिए तैयार नहीं हुई। काफी देर तक समझाइश के बाद भी जब दरवाजा नहीं खोला गया तो पुलिस ने दरवाजा धक्का देकर खोला और अंदर पहुंचकर नाबालिग व उसके छोटे भाई को बाहर निकाला।
पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद नाबालिग लड़की की काउंसिलिंग कराने का निर्णय लिया। उसे सखी सेंटर भेजा गया है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग क्यों किसी दूसरे लड़के के खाते में पैसे डलवाने के लिए परिवार पर दबाव बना रही थी।
इससे जुड़ी एक अन्य खबर के अनुसार, छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में पिता ने अपनी जिंदा बेटी का पिंडदान कर दिया। धरमपुरा क्रमांक-3 के रहने वाले सुजान दत्ता की बेटी ने कुछ दिन पहले एक मुस्लिम युवक से लव मैरिज कर ली थी। परिवार के मुताबिक, इसके बाद सिमरन ने धर्म परिवर्तन भी कर लिया। यह मामला धरमपुरा क्रमांक-3 का है।




