Uncategorized

बीकॉम छात्र ने शराब के नशे में मां को उतारा मौत के घाट, जशपुर में सनसनी

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खाना मांगने की बात पर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी मां की अधजली लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी शराब के नशे में देर रात घर पहुंचा था, जिसके बाद यह वारदात हुई। बीच-बचाव करने आई बहन को भी आरोपी ने डंडे से पीटा। गंभीर रूप से घायल मां की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली का है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका वेनेदिक्ता कुजूर के पति सुरेंद्र मिंज 7 नवंबर की शाम डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे। उस समय घर पर उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर और बच्चे मौजूद थे। देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उनका बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा। घर आते ही रोशन ने अपनी मां से खाना मांगा। इस पर मां वेनेदिक्ता ने उसे दिन का बचा हुआ खाना निकालकर खाने को कहा। इसी बात को लेकर मां और बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया।

खाना देने की बात पर आरोपी रोशन मिंज इतना गुस्सा हो गया कि उसने चूल्हे के पास पड़ी एक अधजली लकड़ी का डंडा उठा लिया। उसने उस डंडे से अपनी मां वेनेदिक्ता कुजूर के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। इन वारों से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। इस दौरान आरोपी की बहन भी घर में सो रही थी। मां को बचाने के लिए जब वह बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपी रोशन ने उसे भी उसी डंडे से पीटा। इसके बाद वह अपने छोटे भाई के पास गया और खाना नहीं बचाने की बात पर उसे भी धमकाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रोशन मिंज घर से भागकर जुरगुम की ओर चला गया।

घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल वेनेदिक्ता कुजूर को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा था। अगले दिन, 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे, मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित से इस घटना की जानकारी मिली। वह तुरंत अस्पताल पहुंचे और अपनी पत्नी से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह अपनी बेटी की दवाई लेने के लिए घर चले गए। जब सुरेंद्र मिंज वापस अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि गंभीर चोटों के कारण उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

पति सुरेंद्र मिंज की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने सबसे पहले मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस को पर्याप्त सबूत मिले, जिसके आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और वह मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। वह 2-3 नवंबर को अपने घर गढ़ाटोली आया हुआ था।

पुलिस ने आरोपी रोशन मिंज को हिरासत में लेकर गवाहों के सामने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, उसने 7 नवंबर की रात शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने के बाद अधजले डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा उसने घटनास्थल पर ही छोड़ दिया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वह डंडा जब्त कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सबूत जुटाए और मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम कराया।

पर्याप्त सबूत मिलने के बाद, पुलिस ने रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22), पिता सुरेंद्र मिंज, निवासी गढ़ाटोली जशपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस मामले पर जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!