Uncategorized

बिना टिकट यात्रियों पर रेलवे की कार्रवाई, 3.13 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना उचित यात्रा प्राधिकार के सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ सघन टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान रेलवे ने नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए 3.13 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है।

यह अभियान बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ विभिन्न ट्रेनों में भी चलाया गया। एक से 20 सितंबर तक चलाए गए विशेष एवं नियमित टिकट जांच अभियानों के दौरान 43,710 मामलों में कार्रवाई की गई।

इन मामलों से रेलवे को तीन करोड़ 13 लाख 15 हजार 499 रुपये की आय हुई। जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के अलावा अनियमित टिकट लेकर सफर करने और बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वालों को भी पकड़ा गया।

रेलवे की ओर से ट्रेनों और स्टेशनों पर टिकट जांच दलों को सक्रिय किया गया है। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के प्रति जागरूक करना और रेलवे के राजस्व की सुरक्षा करना है।

इसके अलावा निर्धारित नियमों के विपरीत सामान या लगेज लेकर यात्रा करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिना टिकट व अनियमित टिकट के साथ यात्रा करना रेलवे नियमों का उल्लंघन है।

ऐसे मामलों में यात्रियों से नियमानुसार अतिरिक्त किराया और दंड वसूला जा सकता है। टिकट जांच के दौरान यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले उचित और वैध टिकट प्राप्त करने की अपील भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!