Uncategorized

राजधानी में पहली बार जीआईएस तकनीक से बनेगा बिजली सब स्टेशन, नयापारा में 33 और 11 केवी का सब स्टेशन

छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर वितरण कंपनी राजधानी में पहली बार जीआईएस तकनीक से नयापारा में नया बिजली सब स्टेशन बनाएगी। कंपनी नयापारा में अपनी खाली जमीन पर जीआईएस तकनीक से 33 व 11 केवी का सब स्टेशन बना रही है। इसके लिए टेंडर समेत बाकी की प्रक्रिया पूरी हो गई है और जल्द ही इसका काम भी शुरू हो जाएगा।

इस सब स्टेशन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह दूसरे सब स्टेशनों के मुकाबले केवल 30 फीसदी जगह पर बेहद कम दिनों में ही बन जाएगा। बिजली कंपनी में अभी एआई का उपयोग भी शुरू हो गया है।

पॉवर कंपनी की कंपनियों में ट्रांसमिशन कंपनी के हिस्से में 132/33 और इससे ज्यादा क्षमता के सब स्टेशन बनाने का काम आता है। 33 और 11 केवी के सब स्टेशन बनाने का काम पॉवर वितरण कंपनी ही करती है।

अब तक वितरण कंपनी ने प्रदेशभर में जो भी 33 और 11 केवी के सब स्टेशन बनाए हैं, वो सामान्य तकनीक से ही बनाए गए हैं। अब पहली बार जीआईएस तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।

जीआईएस तकनीक गैस इंसुलेटेड रहती है। इसमें सल्फर हेक्साफ्लोराइड से इंसुलेटेड कर ऊर्जा को नियंत्रित और फिर सप्लाई की जाती है। इसमें जिस गैस का इस्तेमाल किया जाता है, वह 40 साल तक खराब नहीं होती। इसका बड़ा फायदा यह होता है कि इसमें जमीन की जरूरत बेहद कम होती है।

पॉवर कंपनी के अफसरों के अनुसार जीआईएस पूरी तरह इंडोर होता है। सिस्टम में बड़ी पाइपलाइन होती हैं, जिसमें गैस भरी जाती है। इसमें सब स्टेशन के उपकरण इंस्टॉल किए जाते हैं।

ऑटोमेटिक सिस्टम से लैस होने की वजह से इसे आसानी से कंप्यूटर या लैपटॉप से संचालित किया जा सकता है। इसके मेंटेनेंस के लिए ज्यादा कर्मचारियों की भी जरूरत नहीं होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!