छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में गणेश उत्सव की 35 भव्य झांकियां निकलीं, 800 पुलिस जवानों की तैनाती

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में शनिवार 26 सितंबर की रात गणेश उत्सव का रंग देखने को मिल रहा है। रात 8 बजे से शहर में 35 भव्य झांकियों का नगर भ्रमण शुरू हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी, डीजे और भजनों के बीच पूरा शहर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।

दरअसल, इन झांकियों को 25 सितंबर को निकाला जाना था, लेकिन तेज बारिश के कारण झांकी समितियों ने कार्यक्रम टाल दिया था। मौसम साफ होने के बाद शनिवार को झांकियां निकालने का फैसला लिया गया।

झांकियों का नगर भ्रमण गुरुद्वारा चौक से शुरू हुआ। यहां से झांकियां महाकाल चौक, सिनेमा लाइन, कामठी लाइन, रामाधीन मार्ग और गंज लाइन होते हुए नंडई की ओर जाएंगी।

इस बार झांकियों में पौराणिक और धार्मिक कथाओं के साथ अलग-अलग विषयों को दिखाया गया है। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग शहर पहुंच रहे हैं। दक्षिण भारतीय संस्कृति पर आधारित ‘कांतारा’ थीम की झांकी लोगों के बीच खास आकर्षण बनी हुई है।

दिनभर बारिश नहीं होने और मौसम साफ रहने से लोगों में भी उत्साह नजर आ रहा है। राजनांदगांव शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग झांकियां देखने पहुंचे हैं। शहर में जगह-जगह लोगों की भीड़ नजर आ रही है।

झांकियों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। हर झांकी के साथ पुलिस की एक टीम भी चल रही है, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

कलेक्टर जितेंद्र यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम शहर में लगातार निगरानी कर रही है। निगम आयुक्त, तहसीलदार, एसडीएम शाहिद समेत अन्य अधिकारी भी शहर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।

प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में गणेश झांकियों का आनंद ले सकें, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!