Uncategorized

सरगुजा में नवविवाहिता की चूहे मारने की दवा खाने से मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक नवविवाहिता ने चूहे मारने की दवा खा ली, जिसके बाद मंगलवार को अंबिकापुर के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान सूरजपुर के वार्ड क्रमांक 13 स्थित प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव (20) के रूप में हुई है। उसकी शादी 1 मई 2026 को सामाजिक रीति-रिवाज से मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव के साथ हुई थी। शादी के करीब 4-5 महीने बाद ही यह घटना हुई।

परिजनों के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले 18 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वर्षा ने अपने पिता को वॉट्सऐप पर मैसेज भेजा था। इसमें उसने लिखा था कि वह जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने दिया जाए। पिता ने बताया कि बेटी एम.एससी. की पढ़ाई करना चाहती थी और ससुराल वालों की सहमति के बाद उसकी पढ़ाई आगे जारी रखने की बात तय हुई थी।

वॉट्सऐप पर मैसेज मिलने के कुछ समय बाद अजय यादव ने ससुर उमेश यादव को कॉल कर बताया कि वर्षा की तबीयत बिगड़ गई है और वह उसे लेकर मिशन हॉस्पिटल, अंबिकापुर जा रहे हैं। सूचना मिलने पर उमेश यादव अंबिकापुर पहुंचे। चूहा मारने की दवा खाने के बाद वर्षा की हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया।

19 सितंबर को वर्षा ने पिता से कथित तौर पर कहा कि ससुराल वाले उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं करते। इलाज के दौरान उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।

नवविवाहिता की मौत की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस टीम और नायब तहसीलदार जयेश कंवर मौके पर पहुंचे और पिता समेत परिजनों के बयान दर्ज किए। वर्षा के पिता उमेश यादव ने पुलिस को दिए बयान में ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए हैं।

उमेश यादव ने बताया कि 15 सितंबर को बेटी ने फोन कर अपनी परेशानी बताई थी। पिता के मुताबिक, वर्षा ने बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई। उसके पति ने कथित तौर पर पेट पर चढ़कर उसका गला दबाने की कोशिश भी की। वर्षा की बात सुनने के बाद पिता ने उसे समझाया था और कहा था कि पति-पत्नी के बीच कभी-कभी छोटे-मोटे विवाद हो जाते हैं। वह जल्द ही दोनों से मिलकर बात करेंगे। परिवार को उस समय अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो सकता है।

मामले में नायब तहसीलदार लखेश्वर सिदार ने बताया कि मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट और पैसों के लेन-देन को लेकर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अभी तक मारपीट की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

इधर, पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस भी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामला मैनपाट थाना क्षेत्र का है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!