पुलेला गोपीचंद रायपुर में खोलेंगे बैडमिंटन गुरुकुल:सिर्फ प्रतिभा काफी नहीं; विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी तभी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगे हमारे खिलाड़ी

खेल में केवल प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना मुमकिन नहीं है। इसके लिए आधुनिक खेल सुविधाएं, योग्य कोच और नियमित अभ्यास बेहद जरूरी हैं। मुख्य राष्ट्रीय बैडमिंटन कोच पुलेला गोपीचंद का मानना है कि इन सभी पहलुओं पर एक साथ काम करके ही चैंपियन तैयार किए जा सकते हैं। नया रायपुर की ‘द सेंध लेक सिटी’ में ‘बैडमिंटन गुरुकुल बाय पुलेला गोपीचंद’ विकसित किया जा रहा है। उन्होंने भास्कर से आदिवासी प्रतिभाओं और बैंडमिंटन की संभावनाओं पर खास बात की… इससे स्थानीय खिलाड़ियों को कितना लाभ मिलेगा?
जवाब: खिलाड़ियों को अपने आसपास अच्छी सुविधाएं मिलना जरूरी है। कई बार अभ्यास के लिए एक जगह से दूसरी जगह जाने में काफी समय लगता है। हर समुदाय के पास खेल की सुविधाएं, हाई परफॉर्मेंस सेंटर या सेंटर ऑफ एक्सीलेंस होना चाहिए। इससे खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं। आदिवासी खिलाड़ियों के लिए क्या योजना है?
– इस दिशा में काम हो रहा है। हम कलेक्टर साहब से भी बात कर रहे हैं। फिलहाल योजना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं देना चाहूंगा, लेकिन आने वाले समय में इस बारे में पता चलेगा। क्या कोचों के विकास पर भी काम करेंगे?
– बिल्कुल। अगर हमें खिलाड़ियों के लिए कुछ करना है तो कोचों के लिए भी करना होगा। खिलाड़ी अकेले तैयार नहीं होते। अच्छे खिलाड़ी बनाने के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कोचिंग और पूरा इकोसिस्टम साथ में विकसित होना चाहिए। देश के विकास में खेलों की क्या भूमिका है?
– खेल लोगों और देश में गर्व की भावना पैदा करते हैं। जब कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीतता है तो देश और समुदाय को पहचान मिलती है। बच्चों के लिए खेल बहुत जरूरी हैं। उन्हें दौड़ने, कूदने, फेंकने और अपनी शारीरिक क्षमता विकसित करने के अवसर मिलने चाहिए। इसके लिए खेलों में लगातार निवेश करना जरूरी है। अकादमी से प्रतिभाओं को मिलेगा स्तरीय मंच: साय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पुलेला गोपीचंद की अकादमी से प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। खेल अधोसंरचना के विकास के लिए इस साल के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि अकादमी से खिलाड़ियों को प्रदेश में ही बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा।



