Uncategorized

पोती की सुरक्षा में दादी की कुर्बानी: सिम्स अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने प्रशांत शुक्ला को दबोचा

बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 3 साल की मासूम बच्ची को बचाने के प्रयास में उसकी दादी की जान चली गई। आरोपी युवक बच्ची को जबरन अपने साथ ले जा रहा था, जिसे रोकने पर उसने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दादी राजकुमारी यादव (56) की सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रशांत शुक्ला (26) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 8: 30 बजे प्रशांत शुक्ला पड़ोस के घर में खेल रही 3 साल की बच्ची को धारदार हथियार के साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव ने उसे देख लिया और रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने राजकुमारी यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चाकू के वार से महिला गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकला। परिजन उन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को नुकसान पहुंचाने की नीयत से उसे ले जाने का प्रयास किया था। दादी के रोकने पर उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के अलावा बिलासपुर में चाकूबाजी की तीन और घटनाएं सामने आई हैं। तोरवा में पत्नी के रिश्तेदार के साथ चले जाने से नाराज पति ने उस पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हुई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मंदिर चौक में दो गुटों के बीच विवाद में एक व्यक्ति पर नुकीली वस्तु से जानलेवा हमला किया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।

सिरगिट्टी में गुरुद्वारे के पास रुपए के लेनदेन को लेकर एक ग्राहक ने जलेबी काटने वाले चाकू से दुकान मालिक पर हमला कर दिया। घायल दुकानदार को सिम्स में भर्ती कराया गया। इस मामले में भी खबर लिखे जाने तक पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!