Uncategorized

शराब के नशे में खाना न मिलने पर भड़का बेटा, मां को पीट-पीटकर मार डाला

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में खाना मांगने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपनी मां की अधजली लकड़ी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया। बीच-बचाव करने आई अपनी बहन को भी उसने डंडे से पीटा। गंभीर रूप से घायल मां की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली में हुई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 7 नवंबर की रात की है। मृतका वेनेदिक्ता कुजूर के पति सुरेंद्र मिंज उस शाम डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे। घर पर वेनेदिक्ता कुजूर अपने बच्चों के साथ मौजूद थीं। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उनका बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22) अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने अपनी मां से खाना मांगा।

मां वेनेदिक्ता कुजूर ने रोशन को बताया कि दिन का खाना रखा हुआ है और उसे निकालकर खाने को कहा। इसी बात पर रोशन गुस्से में आ गया और मां-बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रोशन ने चूल्हे के पास पड़ी एक अधजली लकड़ी का डंडा उठा लिया। उसने अपनी मां वेनेदिक्ता कुजूर पर उस डंडे से हमला कर दिया। रोशन ने मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

इस दौरान आरोपी की बहन भी घर में सो रही थी। मां को बचाने के लिए जब वह बीच-बचाव करने पहुंची, तो रोशन ने उसे भी उसी डंडे से पीटा। इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई के पास गया और खाना नहीं बचाने की बात पर उसे भी धमकाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रोशन मिंज घर से भागकर जुरगुम की ओर चला गया।

घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल वेनेदिक्ता कुजूर को जशपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा था। अगले दिन, 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे, मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित से घटना की जानकारी मिली। वह तुरंत अस्पताल पहुंचे और अपनी पत्नी से घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह बेटी की दवाई लेने घर चले गए। जब वह वापस अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि गंभीर चोटों के कारण उनकी पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई है।

पति सुरेंद्र मिंज की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस को पर्याप्त सबूत मिले, जिसके आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और वह मनोरा के पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है।

रोशन 2-3 नवंबर को अपने घर गढ़ाटोली आया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गवाहों के सामने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, रोशन ने 7 नवंबर की रात शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने के बाद अधजले डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने यह भी बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा उसने घटनास्थल पर ही छोड़ दिया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा जब्त कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सबूत जुटाए और शव का पोस्टमार्टम कराया। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद, पुलिस ने रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22), पिता सुरेंद्र मिंज, निवासी गढ़ाटोली जशपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस मामले पर जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!