पत्थलगांव में जुआ के खिलाफ पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 7 जुआड़ी पकड़े गए

जशपुर पुलिस ने पत्थलगांव क्षेत्र में जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 08 नवंबर 2026 की रात 07 जुआड़ियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई, जिसमें जुआड़ियों के पास से कुल 8,190 रुपये नगद, ताश के पत्ते और एक प्लास्टिक तिरपाल जब्त किया गया। पकड़े गए सभी जुआड़ियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

मामले के संक्षिप्त विवरण के अनुसार, 08 नवंबर 2026 की रात्रि को थाना पत्थलगांव पुलिस टाउन पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त पर निकली थी। इसी दौरान थाना पत्थलगांव में पदस्थ पुलिसकर्मियों को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पत्थलगांव-जशपुर रोड किनारे विश्वकर्मा बॉडी गैरेज के पास एक सार्वजनिक खुले स्थान पर कुछ व्यक्ति 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं।
मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस टीम ने तत्काल गवाहों के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। मौके पर पुलिस ने 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए कुल 07 व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा।
पूछताछ में पकड़े गए जुआड़ियों ने अपनी पहचान गुरुदेव विश्वकर्मा (26 वर्ष, निवासी औसाने, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड, हाल मुकाम पत्थलगांव), वशिष्ठ कुमार विश्वकर्मा (36 वर्ष, निवासी तुबेरा, थाना नवाबाजार, जिला पलामू, झारखंड, हाल मुकाम पत्थलगांव), सुनेश कुमार भुइंया (19 वर्ष, निवासी बकोरिया, थाना सतबरवा, जिला पलामू, झारखंड, हाल मुकाम जशपुर), सीताराम विश्वकर्मा (42 वर्ष, निवासी पत्थलगांव), राहुल कुमार (25 वर्ष, निवासी ढोढीटिकरा, पत्थलगांव), राजू शर्मा (45 वर्ष, निवासी जशपुर रोड, पत्थलगांव) और वीर कौशिक (34 वर्ष, निवासी पालीडीह, थाना पत्थलगांव) के रूप में बताई।
पुलिस द्वारा जुआड़ियों के फड़ और उनके कब्जे से कुल 8,190 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और 01 नग पीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया। जुआड़ियों के इस कृत्य को छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पाए जाने पर, मौके पर देहाती नालसी कायम कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस द्वारा सभी 07 जुआड़ियों को अभिरक्षा में लेकर जब्तशुदा मशरुका सहित जुआ एक्ट के तहत विधिवत कार्यवाही की गई है। इस पूरी कार्रवाई और जुआड़ियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक लखेश कुमार साहू और आरक्षक राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।




