Uncategorized

बस्तर में भारी बारिश से हालात बिगड़े, 25 सितंबर को सभी स्कूल बंद, दो ट्रेनें और फ्लाइट रद्द

बस्तर में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। बुधवार रात से जारी बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए 25 सितंबर को बस्तर जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन और जिला शिक्षा अधिकारी ने 25 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इस दिन होने वाली त्रैमासिक परीक्षा के संबंध में अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। 24 सितंबर को भी जिले की स्कूलें बंद रहीं।

भारी बारिश के कारण रायगढ़ मंडल के MVG-CTS स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन हुआ है। इसके चलते 25 सितंबर को किरंदुल-विशाखापट्टनम रेल मार्ग पर चलने वाली दोनों प्रमुख ट्रेनों को रद्द किया गया है। रद्द ट्रेनों में 58502/58501 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और 18516/18515 किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा जगदलपुर से हैदराबाद रूट पर चलने वाली फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया है। बारिश की वजह से फ्लाइट के लैंड और टेकऑफ में दिक्कत होगी।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने SDM, तहसीलदारों और होमगार्ड कमांडेंट को फील्ड में रहकर लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इंद्रावती नदी के तटीय और निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

जिन रपटों और पुल-पुलियों के जलमग्न होने की आशंका है, वहां दोनों ओर बैरिकेडिंग कर कोटवार और निगरानी दल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदी, नालों और रपटों को पार नहीं करने की अपील की है। आपात स्थिति में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!